कोरियर ट्रांसपोर्टर की गोली मारकर हत्या, नहर के पास मिला शव


ऑनलाइन कोरियर ट्रांसपोर्ट कंपनी में कार्यरत 24 वर्षीय जयपाल नामक युवक की किसी अज्ञात ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक का शव हिसार रोड स्थित टाऊन पार्क के साथ भाखड़ा नहर के किनारे पटरी पर मिला। घटना की सूचना मिलते ही  डीएसपी उमेद सिंह व शहर थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गया है। वहीं सीन ऑफ क्राइम की टीम को भी सूचना भेजी गई है। पुलिस मृतक के परिजनों से पूछताछ कर रही है।


बताया जाता है कि नवदुर्गा एस्टेट निवासी जयपाल गुरग्राम में सेफ एक्सप्रेस नामक ऑनलाइन कोरियर ट्रांसपोर्ट का कार्य करता है। वह तीन दिन पहले ही टोहाना आया था। शुक्रवार को वह सुबह लगभग साढ़े 8 बजे घर से गया था। जबकि उसका मोबाइल घर पर ही था। जब जयपाल दोपहर तक भी घर नहीं आया तो उसके पिता जोगीराम को चिंता हुई। उसने अपने अन्य परिजनों को इस बारे में बताया। वहीं उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी। इस दौरान साढ़े 6 बजे किसी ने बताया कि एक व्यक्ति का शव भाखड़ा नहर के किनारे पड़ा है।परिजनों ने जब मौके पर जाकर देखा तो शव जयपाल का था। परिजनों ने इसकी सूचना शहर पुलिस को दी। सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह, डीएसपी उमेद सिंह पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने शव की जांच की। वहीं उसकी छाती में गोली का निशान देखा और पास ही एक खोल भी बरामद हुआ है। थाना प्रभारी ने मृतक के पिता जोगी राम से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि उसके बेटे की किसी से भी कोई रंजिश नहीं थी। वह जब घर वापस नहीं आया तो उन्हें चिंता हुई कि वह आज बिना बताये कहां चला गया है।