पंचकल्याणक महामहोत्सव व विश्व शांति महायज्ञ आरंभ

सहारनपुर जेएनएन। श्री 1008 श्रीमज्जिनेन्द्र आदिनाथ जिनबिम्ब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महामहोत्सव एवं विश्व शान्ति महायज्ञ जैन मुनियों के पावन सानिध्य में विधि-विधान से आरंभ हो गया। भक्तों द्वारा श्रीजी की प्रतिमा को पालकी में भक्ति के साथ पंचकल्याणक प्रतिष्ठा मंडप तक एक विशाल शोभायात्रा के रूप में ले जाया गया, जिसमें आगे तीनों महामुनिराज चल रहे थे।


बुधवार को जैन बाग स्थित प्राचीन जैन मंदिर में सुबह की बेला में भगवान महावीर स्वामी का अभिषेक एवं शांतिधारा भारी संख्या में भक्तों द्वारा की गई। इसके बाद देवआज्ञा, गुरु आज्ञा, आचार्य निमंत्रण की क्रियाएं सम्पन्न हुई। महामुनिराज पूज्य वीर सागर महाराज, विशाल सागर महाराज, धवल सागर महाराज के पावन सान्निध्य में आचार्य विद्यासागर संत निवास का शिलान्यास श्रावक श्रेष्ठी अनिल जैन, सुनील जैन, देहरादून से आये राजेश जैन, अर्चना जैन परिवार द्वारा मंत्रोच्चार द्वारा किया गया। शिलान्यास के ऐतिहासिक क्षणों के साक्षी बनने के लिए भक्तजन मंत्रोच्चार कर रहे थे।